-तीन घंटे पर दरी बिछाकर धरने पर बैठे रहे पदाधिकारी, जमकर की नारेबाजी
मोदीनगर भोजपुर समेत आसपास के 10 किलोमीटर क्षेत्र के लोगों का भोजपुर टोल प्लाजा पर टोल फ्री करने की मांग को लेकर भाकियू लोकहित के पदाधिकारियों ने रविवार को हंगामा किया। एनएचएआई के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पदाधिकारी टोल प्लाजा के निकट ही दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। काफी देर तक हंगामा चला। करीब तीन घंटे बाद टाेल प्लाजा के मैनेजर को ज्ञापन सौंपकर धरना समाप्त किया। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी यदि जल्द मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
भारतीय किसान यूनियन लोकहित के बैनर तले बड़ी संख्या में पदाधिकारी व भोजपुर से लोग रविवार सुबह करीब 12 बजे टोल पर पहुंचे थे। बड़ी संख्या में लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पदाधिकारियों ने टोल पर गाजियाबाद से आने वाले वाहनों की लेन पर दरी बिछाकर धरना शुरू कर दिया। किसान एकता जिंदाबाद के नारे लगाए। पदाधिकारियों ने कहा कि सभी जगहों पर आसपास के लोगों को टोल से राहत दी गई है। लेकिन भोजपुर के लोगों के साथ ऐसा नहीं है। उन्हें परतापुर, ग़ाज़ियाबाद तक जाने के लिए भी टोल देना पड़ता है। ऐसे में भोजपुर समेत आसपास के 10 किलोमीटर क्षेत्र के लोगों को टोल से निजात दिलाई जाए। हंगामे की स्थिति को देखते हुए आसपास के थानों से भी बल बुलाया गया।
मौके पर टोल प्लाजा के मैनेजर संदीप यादव पहुंचे और पदाधिकारियों ने उन्हें ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर राहुल चौधरी, देवेंद्र सिंह, संसवीर सिंह, सुबोध सिंह, शाहिद चौधरी, नदीम चौधरी, शिखर, छोटू आदि उपस्थित रहे।