प्रेम प्रसंग मामले में बिहार के बेगूसराय जिले के राजोपुर गांव की एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव सोमवार की सुबह एक खेत में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव की शिनाख्त गांव के ही शशिभूषण महतो की 20 वर्षीया पुत्री अन्नु कुमारी के रुप में हुई है। इस संबंध में पीड़ित पिता द्वारा स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गई है, जिसमें हत्या करने का आरोप प्रेमी सहित दो लोगों पर लगाया है।

मृतक युवती के पिता ने बताया कि रविवार की शाम उनकी लड़की घर से बाहर निकली थी। रात को वापस घर नहीं लौटी। सुबह में उसका शव मक्के के खेत में मिला। गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई थी। मामले की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सिन्टु झा ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेज दिया। एसडीपीओ कुमार वीर धीरेन्द्र ने बताया कि हत्या की घटना प्रेम प्रसंग के मामले से जुड़ा है। हत्या से पहले दुष्कर्म की आशंका है। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। साथ ही, आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी की जा रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि युवती के पिता दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। घर पर उनकी एक पुत्री और दो पुत्र ही रहते हैं। पांच फरवरी को ही वह अपनी पुत्री की शादी के सिलसिले में गांव आए हुए थे। 21 फरवरी को उनकी पुत्री अन्नु की शादी की तिथि तय थी। खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव से बारात आने वाली थी। शादी की तैयारी परवान पर थी। कार्ड भी छप चुके थे। टेंट-शामियाना भी कर लिया गया था लेकिन विधि का विधान ऐसा कि हाथ पीले होने से पहले ही पिता को बिटिया की डोली उठने के बजाय अर्थी उठते देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *