साहिबाबाद। शालीमार गार्डन क्षेत्र में सालभर पहले दारोगा को हनी ट्रैप में फंसाकर लाखों की रकम ऐंठने और जबरन कोर्ट मैरिज करने के मामले में पुलिस ने पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया है।जिला अलीगढ़ निवासी महिला ने दर्ज मुकदमे में बताया कि आरोपी महिला ने जून 2024 में उनके पति को हनी ट्रैप में फंसाकर तीन लाख रुपये नकद और 20 हजार रुपये खाते में स्थानांतरित कराए थे। 18 जून 2024 को उनकी सगी जिठानी को कचहरी परिसर में बुलाकर आरोपी महिला ने अपने दो साथियों साथ मिलकर 15 लाख रुपये की और मांग की। रुपये न देने पर परिवार को बर्बाद करने की धमकी दी जाने लगी। पीड़िता ने पुलिस को कॉल रिकॉर्डिंग भी साक्ष्य बतौर सौंपी हैं। आरोप है कि महिला ने पति पर शादी करने का दबाव भी बनाया। 11 जून 2024 से 13 जून 2024 को आरोपी महिला ने धमकी भरे कॉल भी पति को किए हैं। दबाव में लाकर पति के साथ जबरन शादी का पंजीकरण कराया। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की गई थी। शुरुआती जांच के बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में उसने रुपये हड़पने की बात स्वीकार की है। अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
