-जबरन शराब पिलाने का भी आरोप, पति को आई गंभीर चोट
मोदीनगर :
मेरठ के परतापुर से पति को कार से पीटते हुए लाकर निवाड़ी में गंगनहर किनारे छोड़ने का मामला सामने आया है। शख्स को सिर, हाथ और पैर में चोट आई है। आरोप है कि उन्हें जबरन शराब पिलाई गई। नशे की हालत में उन्हें पीटा गया। मामले में पति की तरफ से निवाड़ी थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस जांच कर रही है। बुलंदशहर के शिकारपुर के प्रशांत तोमर के मुताबिक, उनकी कुछ साल पहले शादी हुई थी। पत्नी की यह दूसरी शादी थी। प्रशांत मेरठ के एक होटल में सुरक्षाकर्मी है। आरोप है कि कुछ दिन पहले पत्नी का अपने प्रेमी से मिलना-जुलना शुरू हो गया। इस बारे में प्रशांत को पता चला तो उन्होंने विरोध किया। लेकिन पत्नी ने एक नहीं सुनी। प्रेमी के साथ ही रहने का मन बनाया। इसके बाद प्रशांत वापस अपने घर बुलंदशहर लौट गए। दो दिन पहले वे अपने कपड़े लेने के लिए मेरठ आए थे। यहां पत्नी व उसके प्रेमी ने उन्हें बुलाया। वे वहां चले गए। आरोप है कि यहां उन्हें जबरन शराब पिलाई गई। इसके बाद नशे की हालत में कार में बैठा लिया। उन्हें बुरी तरह पीट गया। मेरठ के होते हुए गंगनहर पटरी मार्ग पर उन्हें खून से लथपथ हालत में छोड़ दिया। आसपास के लोगों की मदद से प्रशांत थाने पहुंचे और पुलिस को सारी बात बताई। एसीपी का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।