मोदीनगर : निवाड़ी मार्ग स्थित डीजे डेंटल कॉलेज के समीप बीती रात पानी से भरा टैंकर कार को बचाने के चक्कर में नाले में पलट गया। चालक खिड़की का शीशा तोड़कर बाहर आया। हादसे में चालक मामूली रूप से घायल हो गया। निवाड़ी गंगनहर के पास एक पानी का प्लांट हैं, जहां से चालक शिवकुमार बृहस्पतिवार को टैंकर में पानी भरने आए थे। उन्हें पानी लेकर भोजपुर के ईशापुर में किसी फैक्ट्री में जाना था। पानी से भरा टैंकर लेकर जब वे निवाड़ी रोड पर याकूतपुरी मवी गांव के पास पहुंचे तो आगे चल रही कार को बचाने में चक्कर में टैंकर अनियंत्रित हो गया। चालक कुछ समझ पाता उससे पहले ही टैंकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। आसपास के लोगों ने किसी तरह चालक शिवकुमार को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार कराया। गनीमत रही कि उस समय खेत के पास कोई व्यक्ति नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। प्रकरण में कोई शिकायत पुलिस को नहीं दी गई है।
