मोदीनगर : थाना क्षेत्र के गोविंदपुरी में मोबाइल की उधारी के पैसे मांगने पर व्यापारी पर सरिये से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। गोविंदपुरी के प्रिंस भल्ला के मुताबिक, उनकी गोविंदपुरी मेन बाजार में मोबाइल की दुकान हैं। कुछ महीने पहले एक युवक ने उनसे मोबाइल खरीदा था। जिसके करीब साढ़े 14 हजार बकाया थे। तभी से आरोपी रुपये नहीं लौटा रहा था। तकादा करने पर हर बार उन्हें टरका रहा था। अब मंगलवार को प्रिंस ने फिर से आरोपी को काल की, जिसपर उसने उन्हें बुधवार को रुपये देने के लिए अपने घर बुलाया। प्रिंस उसके घर पहुंचे और रुपये मांगे। आरोप है कि इसपर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध किया तो आरोपी ने सरिये से वार कर दिया। हंगामा होता देख जब आसपास के लोग मौके पर आने लगे तो आरोपी भाग निकला। जाते हुए उसने धमकी दी यदि फिर से रुपये मांगे तो हत्या कर देगा। पीड़ित की तरफ से थाने में शिकायत दी गई है। एसीपी मोदीनगर ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
