मोदीनगर : मोदीनगर के एमएम डिग्री कॉलेज में रिक्त पदों पर भर्ती में धांधली के आरोप में युवाओं ने हंगामा किया। आरोप है कि पहले से चयनित उम्मीदवारों को रखा जा रहा है। मुख्यमंत्री को शिकायत की गई है और कॉलेज प्रबंधन ने भर्ती प्रक्रिया को स्थगित कर दिया है।प्राचार्य का घेराव किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचीं और छात्राें को शांत किया। प्राचार्य ने आरोपों को निराधार बताया।सुबह करीब 11 बजे पूर्व छात्र कालेज में पहुंचे थे। उन्होंने हाथ में बैनर भी लिया हुआ था। कालेज प्रशासन के खिलाफ उन्हाेंने जमकर नारेबाजी की। उनका कहना है कि कालेज में तृतीय श्रेणी पर कर्मचारी पद के लिए पांच पदों पर नौकरी निकाली गई थी। लेकिन इसकी सूचना को सार्वजनिक नहीं किया गया है। चहेतों को नौकरी पर रखने की कोशिश चल रही है। ऐसे में युवाओं के साथ छल किया जा रहा है। चहेतों से रकम लेकर नौकरी दी जा रही है। सरकारी नियम को कालेज प्रबंधन दरकिनार कर रहा है। काफी देर तक कालेज में हंगामा चलता रहा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत किया। छात्रों ने नियमानुसार नियुक्ति नहीं होने पर कालेज में धरना देने की चेतावनी दी। इस मौक पर सन्नी नेहरा, प्रियांशु सिंहल, शुभम चौधरी, अनिरुद्ध शर्मा, आर्यन चौधरी, दीपक शर्मा, अक्षित शर्मा, अक्षित चौधरी आदि उपस्थित रहे। कालेज के प्राचार्य डा. डीके अग्रवाल का कहना है कि आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं। पांच पद पर नियुक्ति के लिए 50 आवेदन प्राप्त हुए हैं। चयन बोर्ड के पैनल द्वारा साक्षात्कार के बाद ही अभ्यर्थी काे चुना जाएगा।
