मोदीनगर : पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण मोदीनगर तहसील क्षेत्र के गांव कलछीना व बढ़ायला में दो मकान गिर गए। गनीमत रही कि घटना के समय दोनों स्थानो के परिवार घर में मौजूद नहीं थे वरना बड़ा हादसा हो सकता था। गांव कलछीना के जगत सिंह कामगार हैं। पिछले कई दिन से हो रही वर्षा के चलते उनके मकान की दरार खुल गई थी। इसलिए वे पड़ोस में ही दूसरे मकान में रहने लगे। बुधवार को अचानक मकान की दीवार गिरी और फिर पूरा मकान भरभराकर गिर गया। गनीमत रही है कि मकान गिरा तो परिवार के लोग दूसरे मकान में मौजूद थे। इसके अलावा गांव बढ़ायला में किसान महेंद्र के मकान की दीवार गिर गई। दीवार गिरने से बरामदे की छत भी लटक गई। हादसे के समय परिवार के लोग दूसरे कमरे में मौजूद थे। सूचना पर बुधवार को प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। तहसीलदार रजत सिंह ने बताया कि लेखपाल को दोनों गांवों में भेजा गया है। नियमानुसार पीड़ित परिवारों की आर्थिक मदद दिलाई जाएगी।