disha bhoomi

बेंगलुरु कर्नाटक के शिवमोगा जिले में रविवार रात करीब 9 बजे बजरंग दल के एक कार्यकर्ता की चाकू मारकर पर हत्या कर दी गई। मारे गए युवक की पहचान 26 साल के हर्षा के तौर पर हुई। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। राज्य के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने बताया है कि आरोपी स्थानीय ही हैं। वहीं हर्षा के शव को पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस सुरक्षा के बीच घर पहुंचाया गया। सुरक्षा के चलते शहर में धारा 144 लागू की गई है। कर्नाटक के पूर्व सीएम एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि पिछले हफ्ते जब हिजाब विवाद शुरू हुआ था, तब मैंने पहले ही ऐसा कुछ होने का अंदेशा जताया था। अब एक लड़के की मौत हो गई है। कांग्रेस और बीजेपी अब खुश हो सकते हैं क्योंकि उन्होंने राज्य की शांति को भंग कर दिया है।
कर्नाटक के गृह मंत्री अर्गा ज्ञानेंद्र ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए, पुलिस को सबूत मिले हैं और घटना में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।फिलहाल मेरी लोगों से अपील है कि शांति बनाए रखें।
एक खास वर्ग के व्यक्ति की दुकानों पर हमला
कर्नाटक में बजरंग दल के सदस्य हर्षा की हत्या के बाद शिवमोगा में एक वर्ग विशेष के व्यक्ति की दुकानों पर हमला किया गया। यहां भीड़ ने दुकानों पर पथराव किया। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद इलाके में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है।
वारदात के बाद शिवमोगा में बढ़ा तनाव
वारदात के बाद के बाद शिवमोगा में तनाव बढ़ गया है। शहर के सीगेहट्टी इलाके में उपद्रवियों ने कई वाहनों में आग लगा दी। बढ़ते हंगामे के मद्देनजर शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है। शिवमोगा में दो दिन के लिए स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि कल हर्षा की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कल रात से ही चल रही जांच में कुछ सबूत जुटाए गए हैं।
हत्या पर राजनीति शुरू
कर्नाटक के रूरल डेवलपमेंट और पंचायत राज मंत्री केएस ईश्वरप्पा ने हर्षा की हत्या के मामले में चौंकानेवाला बयान दिया है। उन्होंने कहा- ‘मैं बजरंग दल कार्यकर्ता की मौत से बेहद दुखी हूं। हर्षा की हत्या मुस्लिम गुंडों ने की है। मैं अभी हालात का जायजा लेने के लिए शिवमांगा जा रहा हूं। हम गुंडागर्दी की इजाजत नहीं देंगे।’
ईश्वरप्पा ने कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष शिवकुमार पर आरोप लगाया था कि उन्होंने मुस्लिम गुंड़ों को इस हत्या के लिए उकसाया था।
शिवकुमार ने कहा- ईश्वरप्पा के खिलाफ केस दर्ज हो
कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने हर्षा की हत्या के मामले से अपना कोई कनेक्शन होने से इनकार कर दिया। उन्होंने कर्नाटक सरकार के मंत्री ईश्वरप्पा को पद से हटाए जाने की मांग की है। उन्होंने इस हत्या के हिजाब विवाद से जुड़े होने की किसी भी अटकल को भी खारिज कर दिया।
भाजपा नेता केएस ईश्वरप्पा के आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा- मुझपर आरोप लगाया गया है मैंने बजरंग दल कार्यकर्ता की हत्या के लिए ‘मुस्लिम गुुंडों’ को उकसाया। ईश्वरप्पा के पास कॉमन सेंस नहीं है। उन्होंने पहले ही भारतीय झंडे का अपमान किया है। उनके खिलाफ केस दर्ज होना चाहिए और उन्हें पद से हटाया जाना चाहिए। उन्होंने देश और तिरंगे का अपमान किया है।’
स्कूल-कॉलेज दो दिन के लिए बंद किए जा रहे हैं।
शुरुआती जांच में पुलिस इसे हिजाब विवाद से जोड़कर देख रही है, क्योंकि हर्षा ने अपने फेसबुक प्रोफाइल पर हिजाब के खिलाफ और भगवा शाल के समर्थन में पोस्ट लिखी थी। दरअसल, कर्नाटक के उडुपी में हिजाब विवाद सामने आने के बाद से ही बजरंग दल काफी सक्रिय है। इसीलिए हर्षा की हत्या में साजिश के एंगल का शक गहरा गया है। हालांकि, पुलिस इस पर कुछ भी बोलने से बच रही है।
तनाव के मद्देनजर सुरक्षा कड़ी की गई
कर्नाटक में चल रहे हिजाब विवाद को लेकर माहौल पहले से तनावपूर्ण है। ऐसे में बजरंग दल की एक कार्यकर्ता की हत्या के बाद हालात और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस अलर्ट है और पूरे राज्य सुरक्षा व्यवस्था चौकस कर दी गई है।
हिंदू संगठनों ने हिजाब का विरोध किया
बजरंग दल समेत कई हिंदू संगठन स्कूलों में हिजाब की एंट्री का विरोध कर रहे हैं। इससे पहले कर्नाटक के कोपा में एक सरकारी स्कूल में छात्रों ने भगवा पहनकर हिजाब का विरोध किया था। आरोप था कि स्कूल ने छात्रों को भगवा पहनकर आने की मंजूरी दी थी और मुस्लिम छात्राओं से कहा था कि वे हिजाब पहनकर न आएं।
इसके बाद स्कूल ने अपने आदेश में कहा कि 10 जनवरी तक स्टूडेंट अपनी इच्छा अनुसार पोशाक पहन सकते हैं। इसके विरोध में छात्रों ने भगवा स्कार्फ पहनना शुरू कर दिया है। दूसरी तरफ कर्नाटक के बजरंग दल संयोजक सुनील केआर ने हिजाब विवाद को हिजाब जिहाद बताया था।
कांग्रेस नेता ने वीडियो जारी कर कहा- काट देंगे
कर्नाटक हिजाब मामले में कर्नाटक के कांग्रेस नेता का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वो हिजाब का विरोध करने वालों को धमकी देते हुए नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में मुकर्रम खान यह कहते हुए दिखाई दिए हैं कि हिजाब का विरोध करने वालों को टुकड़ों में काट दिया जाएगा।
खान ने कथित तौर पर कहा था कि हमारी जाति (धर्म) को चोट मत पहुंचाओ, सभी जातियां समान हैं। आप कुछ भी पहन सकते हैं, आपको कौन रोकेगा? पुलिस ने कांग्रेस नेता के खिलाफ खिलाफ IPC की धारा 153 (A), 298 और 295 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *