मोदीनगर
घर लाैटते समय ई-रिक्शा में चोरों ने महिला के बैंग से जेवर का पर्स चोरी कर लिया। पर्स में तीन तौले सोने के कंगन थे। चोरी का आरोप दो महिलाओं पर लगाया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपितों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। मामले में मोदीनगर कोतवाली में शिकायत दी गई है। कोतवाली क्षेत्र की संतपुरा कालोनी के विजयपाल सिंह अपनी पत्नी के साथ सोमवार को जेवर खरीदने गये थे। यहां बसस्टैंड के निकट एक दुकान से उन्होंने तीन तौला सोने के कंगन खरीदे। जिनकी कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये थी। घर जाने के लिए वे बसस्टैंड के सामने से ई-रिक्शा में बैठे। इसी बीच दो महिलाएं उसी ई-रिक्शा में आई। उनके साथ एक बच्चा भी था। विजयपाल के मुताबिक, उनकी पत्नी से कंगन का पर्स अपने बैग में रखा हुअा था। वे नाले के निकट ई-रिक्शा से उतरे। घर जाकर देखा तो बैग से पर्स गायब था। वे तुरंत जेवर की दुकान पर पहुंचे। लेकिन वहां कंगन का पर्स नहीं था। उनका आरोप है कि महिलाओं ने ही बैग से पर्स चोरी कर लिया। उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी। इसके बाद थाने पहुंचकर पुलिस को सारी बात बताई। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय का कहना है कि मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। जल्द गिरफ्तारी कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
