निवाड़ी :निवाड़ी थाना क्षेत्र में होली चौक के पास गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने युवक को लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आसपास ने लोगो ने घायल युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहा से उसको दिल्ली रेफर किया गया है। पुलिस ने एक नामजद व तीन अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। निवाड़ी थाना क्षेत्र के गांव खिंदौड़ा के अब्दुल सलाम का बेटा अब्दुल रहमान दवा देने के लिए निवाड़ी गया था। यहां मेडिकल स्टोर से दवा लेकर वह लौट रहा था। इस बीच होली चौकी के निकट चार आरोपी आए और उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। आरोपी लाठी-डंडों से लैस थे। विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। लाठी-डंडों से पीटकर बुरी तरह घायल कर दिया। इतना ही नहीं, उनपर पत्थर से भी हमला किया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए। आसपास के लोग अब्दुल रहमान को मोदीनगर के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उन्हें दिल्ली के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। मामले में अब्दुल सलाम ने थाने में तहरीर दी है। एसीपी मोदीनगर ने बताया कि खिंदौड़ा के सरफराज व तीन अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज किया गया है।