-सेटरिंग हिलने के चलते हुआ हादसा, पुल का मलबा रजवाहे में भरा
मोदीनगर गांव कादराबाद के समीप बन रहा निर्माणाधीन पुल मंगलवार रात लिंटर डालते समय धराशायी हो गया। इसकी चपेट में आकर कई मजदूर मामूली रूप से चोटिल हो गए। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ ने पुल निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। मेरठ खंड गंगा नहर के चकभोला रजवाहे पर गांव कादराबाद में मोदीनगर तहसील के समीप लाखों रुपये की लागत से पुल का निर्माण किया जा रहा है। बताया कि मंगलवार को पुल निर्माण में बड़ी संख्या में मजदूर लगे थे। रात के समय लिंटर डाला जा रहा था। लिंटर डालते समय पुल धराशायी हो गया। कई मजदूर मलबे में दब गए और कुछ मजदूर पानी में गिर गए। मौके पर जमा भीड़ ने किसी तरह मजदूरों को रजवाहे से बाहर निकाला।
गनीमत रही कि निर्माण स्थल के आसपास बसाहत है और लोगों ने तेजी से रेस्क्यू कर मजदूरों को बचा लिया। हंगामा देख कार्यदायी संस्था के जिम्मेदार वहां से चुपचाप निकल गए। जेसीबी के मदद से रजवाहे में गिरा मलबा निकाला गया।
उपजिलाधिकारी मोदीनगर निखिल चक्रवर्ती का कहना है कि सिचाई विभाग की ओर से निर्माणाधीन पुल गिरने की जानकारी दी गई है। विभाग के अनुसार शटरिंग ढीली के कारण पुल गिरने का बात सामने आई है। उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दे दी गई है।
