-एसडीएम के आश्वासन पर भाकियू किसान सभा का धरना स्थगित
मोदीनगर सात सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन किसान सभा का मोदीनगर तहसील में चल रहा धरना एसडीएम मोदीनगर के आश्वासन पर स्थगित हो गया। एसडीएम, एसीपी व अन्य विभाग के अधिकारियों के साथ भाकियू पदाधिकारियों की वार्ता हुई। जिसमें जल्द से जल्द समस्याओं के समाधान कराने का आश्वासन दिया। पदाधिकारियाें का दावा है कि एसडीएम ने 25 फरवरी तक मांगे पूरी कराने का भरोसा दिया है। बकाया गन्ना भुगतान, आवारा पशुओं की समस्या का निस्तारण, बिजली विभाग द्वारा किसानों के उत्पीड़न को रोकना, अंश बदलने के नाम पर किसानों से शुल्क बंद करना समेत सात सूत्रीय मांगों को लेकर भाकियू किसान सभा के पदाधिकारियाें ने मंगलवार से मोदीनगर तहसील में धरने पर थे। वे रात में तहसील में ही सो रहे हैं। शुक्रवार काे पदाधिकारियों ने तहसील परिसर में टैंट भी लगा दिया। शनिवार को पदाधिकारियों ने मोदीनगर तहसील से शुगर मिल तक पैदल मार्च निकालने की चेतावनी दी। जिसपर अधिकारियों की बेचैनी बढ़ गई। वे पदाधिकारियों की मान-मनौव्वल में जुटे। शनिवार दोपहर को अधिकारियों की पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। जिसमें सभी मांगाें को लेकर चर्चा हुई। अधिकारियों ने जल्द से जल्द समस्या के समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद पदाधिकारियों ने धरना स्थगित कर दिया। इस मौके पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सतेंद्र त्यागी, प्रदेश अध्यक्ष देवव्रत धामा, युवा प्रदेश अध्यक्ष विनीत त्यागी, जिलाध्यक्ष अरुण कसाना, युवा जिलाध्यक्ष आशु त्यागी, गौरव त्यागी, अमजद खान, संजय त्यागी, रोहित त्यागी, मोहसिन खान, इरफान, ताहिर, फिरोज खान, रिंकू त्यागी, हैप्पी त्यागी आदि उपस्थित रहे।