मोदीनगर : भोजपुर थाना क्षेत्र के तलहैटा गांव में ईख के खेत में मिले माली के शव की शुक्रवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई, जिसमें मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ।इसके बाद पुलिस ने बिसरा सैंपल जांच के लिए फारेंसिक लैब भेजा है। फिलहाल कोई शिकायत पुलिस को नहीं मिली है। पुलिस अपने स्तर से छानबीन में जुटी है। गांव तलहैटा के चंद्रपाल माली थे। वे खेतों में भी काम करते थे। बुधवार दोपहर वे कांवड़ लेकर घर आए थे। देर रात पत्नी से विवाद के चलते घर से निकले थे। लेकिन बृहस्पतिवार सुबह तक नहीं लौटे। कुछ समय बाद उनका शव गांव में ही ईख के खेत में मिला। मुंह से झाग निकल रहे थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचीं और छानबीन की। पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भेजा। अब शुक्रवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई। जिसमें मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस का मानना है कि मुंह से झाग आने से अंदेशा है कि किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया गया है। हालांकि, इसकी पुष्टि बिसरा रिपोर्ट से होगी। मामले में पुलिस पति-पत्नी विवाद के एंगल पर भी जांच कर रही है। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि अभी कोई शिकायत पुलिस को नहीं मिली है। प्रकरण में छानबीन की जा रही है।