- गंभीर हालत में घायलों का अस्पताल में चल रहा उपचार, केस दर्ज
मोदीनगर
दिल्ली-मेरठ मार्ग पर दबंगों ने दो युवकों को कार में बंधक बनाकर बेरहमी से पीट दिया। गंभीर हालत में उन्हे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक घायल के पिता की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। सिखैड़ा रोड स्थित आंबेडकर नगर कालोनी के निखिल अपने साथी सौरभ के साथ एक समारोह में शामिल होने गये थे। वहां से लौटते समय रास्ते में एक कार उनके सामने आकर रूकी। कार से कुछ आरोपी निकले और दोनों को पीटने लगे। इसके बाद दोनों काे कार में बंधक बना लिया। दोनों को कार से इधर-उधर घुमाते रहे। रास्ते में बुरी तरह पीटा। इसके बाद दोनों को घायल हालत में सड़क पर फेंककर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों काे अस्पताल में भर्ती कराया। उनका अब भी अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले में निखिल के पिता ने मोदीनगर थाने में शिकायत दी गई है। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि गोविंदपुरी स्थित संतपुरा कालोनी के भरतवीर और निवाड़ी रोड के सुमित के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जल्द इनकी गिरफ्तारी होगी।
