मोदीनगर :चार दिन से लापता रोरी गांव के युवक का शव बृहस्पतिवार को सुचेतापुरी कॉलोनी के पीछे नाले में मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर मोदीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और को शव पोस्टमार्टम को भेजा। कोई शिकायत स्वजन की तरफ से पुलिस को नहीं दी गई है। केवल थाने में गुमशुदगी दर्ज है माेदीनगर कोतवाली क्षेत्र के गांव रोरी के इंदरपाल का 25 वर्षीय रिंकू किसान था। वह 25 जनवरी की शाम को अपनी माता मंजू को लेकर अस्पताल गया था। अस्पताल में मां को छोड़कर थोड़ी देर में आने के लिए बोलकर रिंकू कहीं चला गया। रात तक भी वह नहीं लौटा। कुछ देर बाद मोबाइल भी बंद हो गया। स्वजन ने रिश्तेदारी में पता किया। दोस्तों से भी पूछा। लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। परेशान आकर अगले ही दिन स्वजन ने थाने में शिकायत दी। जिसपर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की। पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन निकाली। जिसमें आखिरी बार मोबाइल गोविंदपुरी में गड्ढे वाले मैदान के पास एक्टिव दिखा। मंगलवार को स्वजन व पुलिस मैदान में पहुंची तो मोबाइल व अन्य सामान मिला। पुलिस ने वहां पर सीसीटीवी फुटेज चेक की। जिसमें रिंकू मैदान में जाते हुए दिखा। लेकिन लौटते हुए का कोई सुराग नहीं था। तिबड़ा रोड पर ही रिंकू की बाइक मिलने की भी चर्चा है। अब बृहस्पतिवार सुबह स्वजन व रोरी गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण खुद ही रिंकू की तलाश में निकल पड़े। उन्होंने फावड़े, लाठी व डंडों से गड्ढे वाले मैदान के बराबर से गुजर रहे नाले में खोजबीन की। कुछ ही देर में रिंकू का शव नाले में मिल गया। सूचना पर एसीपी मोदीनगर, एसएचओ मोदीनगर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जरूरी साक्ष्य कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम को भेजा।
——————-
परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। फिलहाल दो युवकों से पूछताछ की जा रही है।
-अमित सक्सेना, एसीपी मोदीनगर
