मोदीनगर दिवाली की रात पैंगा गांव में पटाखे जलाने को लेकर प्रधान व उसके परिवार के बीच हुई फायरिंग के मामले में फरार आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तमंचा बरामद हुआ है। पुलिस मामले में प्रधान समेत अन्य को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस ने अपनी तरफ से केस दर्ज किया था। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित पैंगा गांव का जितेंद्र है। दिवाली की रात पैंगा गांव में प्रधान उपदेश के रिश्तेदार के बेटे पटाखे जा रहे थे। इसपर प्रधान बाहर आया और पटाखे जलाने का विरोध करने लगा। इसकाे लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। दोनों ने एक-दूसरे पर फायरिंग की। गनीमत रही कि किसी को गोली नहीं लगी। इस दौरान पथराव भी हुआ। जिसमें प्रधान उपदेश व उसके भाई सुरेंद्र को चोट आई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया था। घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था, जिसमें प्रधान तमंचे से फायरिंग करता दिख रहा था। पुलिस ने अपनी तरफ से केस दर्ज कर वीडियोग्राफी के आधार पर मुकदमे में नाम बढ़ाए। अब आरोपित जितेंद्र को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।