मोदीनगर :दिल्ली-मेरठ मार्ग पर राजचौपले के निकट 16 फरवरी की सुबह कैंटर की चपेट में आने से घायल शिक्षिका रीना की उपचार के दौरान मौत हो गई। उनके पति की शिकायत पर मोदीनगर पुलिस ने कैंटर चालक पर केस दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश में पुलिस जुटी है। मोदीनगर के गांव तिबड़ा के सुशील कुमार की पत्नी रीना प्राइमरी विद्यालय में शिक्षिका थी। इन दिनों उनकी ड्यूटी मुजफ्फरनगर जिले के खतौली स्थित गांव गगधाड़ी में चल रही थी। 16 फरवरी की सुबह वे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। मोदीनगर में राजचाैपले के निकट बस का इंतजार कर रही थी। इसी बीच तेज रफ्तार कैंटर ने उन्हें टक्कर मार दी। उन्हें मोदीनगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत में रेफर कर दिया। यहां उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में सुशील की तरफ से थाने में शिकायत दी गई है। एसीपी मोदीनगर ने बताया कि आरोपी चालक शहजाद पर केस दर्ज किया गया है। जल्द गिरफ्तारी कर कार्रवाई की जाएगी।
