Modinagar महाशिवरात्रि पर पूरे भक्ति भाव से शिव भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। तड़के चार बजे से मंदिरों में जलाभिषेक शुरू हो गया। तड़के मंदिरों में भक्तों की अच्छी भीड़ जलाभिषेक के लिए जुट गई। जैसे-जैसे दिन चढ़ा भक्तों की मंदिर के सामने लंबी कतारें लग गईं। हाथ में पूजा की थाली और उसमें भांग, धतूरा, मिष्ठान, फूल, फल, घृत और दीपक साथ में गंगा जल लेकर शिव गृह तक भक्तों के कदम बढ़ते गए और शिव को जलाभिषेक किया। शिव के प्रति भक्ति ऐसी कि बम-बम भोल के जयकारे मंदिरों में गूंजते रहे। इस दौरान थाना प्रभारी व पुलिस क्षेत्राधिकारी सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया।
शिवालयों व शिव मंदिरों में हरिद्वार और गढ़मुक्तेश्वर से कांवड़ में गंगा जल लेकर आए शिव भक्तों के लिए जलाभिषेक को अलग से लाइन लगी। तड़के सबसे पहले शिव भक्तों ने जलाभिषेक किया। महाशिवरात्रि पर तड़के शिव का श्रंगार हुआ। इसके बाद शिव की आराधना के साथ जलाभिषेक शुरू हुआ हो गया और दोपहर 12 बजे तक चलता रहा। रुद्राभिषेक करने भी शिव भक्त पहुंचे, जिन्होंने विधि विधान से मंत्रोच्चारण के साथ रुद्राभिषेक किया। इस दौरान मंदिरों को चंपा, चमेली, कनेर, गेंदा और गुलाब के फूलों से मंदिर को सजाया। चैरासी घंटा मंदिर, सनातन धर्म मंदिर, छतरी वाला शिव मंदिर व मोदी मंदिर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित मंदिरों समेत हर ओर शिव की महिमा का उल्लास छाया रहा। मंदिरों में कीर्तन मंडली शिव का गुणगान करती रही।