फिल्म इंडस्ट्री में विलेन के किरदार के लिए अपना नाम बदलने वाले मशहूर अभिनेता शक्ति कपूर का आज जन्मदिन है। वो 70 साल के हो गये हैं। हालांकि, शक्ति कपूर अपने हर साल के जन्मदिन पर एक साल बड़े होने की अवधारणा में भरोसा नहीं करते हैं। उनका मानना है कि उनका ऊर्जा का स्तर किसी युवा से कम नहीं है। पंजाबी परिवार से ताल्लुक रखने वाले शक्ति कपूर ने 700 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया। अभिनेता कादर खान के साथ उनकी जोड़ी 80 और 90 के दशक में बेहद लोकप्रिय रही। साल 2011 में शक्ति कपूर रियलिटी टीवी शो बिग बॉस में भी नजर आये थे। उनका जन्म दिल्ली के एक पंजाबी परिवार में 3 सितंबर 1958 को हुआ। शक्ति कपूर के पिता दिल्ली के कनॉट प्लेस में एक दर्जी की दुकान चलाते थे।

एक बार ‘द कपिल शर्मा’ के शो में ‘क्राइम मास्टर गोगो’ ने अपने करियर की शुरुआत का किस्सा साझा किया था।  शक्ति कपूर ने इस पूरे वाकया को याद करते हुए कहा कि एक बार मुंबई में उनकी कार की टक्कर एक मर्सडीज से हुई, जिसमें से एक लंबा और खूबसूरत शख्स बाहर निकला, जो फिरोज खान था। शक्ति कपूर ने फिरोज खान को बताया कि वह ‘फिल्म इंस्टिट्यूट ऑफ पुणे’ से हैं और उनके पास एक्टिंग का डिप्लोमा है। बातों ही बातों में उन्होंने फिरोज खान से फिल्म में एक रोल के लिए विनती कर डाली और फिर फिरोज खान वहां से चले गये। इसके बाद शक्ति कपूर ने फिरोज खान को फोन लगाया और इस तरह उन्हें ‘कुर्बानी’ फिल्म में विक्रम का रोल मिला। शक्ति कपूर दिल्ली यूनवर्सिटी के करोड़ी मल कॉलेज से ग्रेजुएट हैं। उनकी शादी शिवानी कपूर से हुई और सिद्धार्थ कपूर और श्रद्धा कपूर उनके बच्चे हैं। उनकी शुरुआती फिल्म रॉकी और कुर्बानी अपने जमाने में सुपर हिट साबित हुई थी। इन दोनों ही फिल्मों में उन्होंने विलेन की भूमिका निभाई थी। उनके डायलॉग आज भी दर्शकों की जुबान पर चढ़े हुए हैं।

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *