• गाजियाबाद के अस्पताल में चल रहा उपचार, विरोध पर दी गोली मारने की धमकी
  • पुलिस ने मारपीट की साधारण धाराओं में प्रधान समेत तीन पर किया केस दर्ज

मोदीनगर निवाड़ी थाना क्षेत्र के गांव सौंदा में प्रधान ने युवक को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीट दिया। युवक का कसूर इतना था कि उसने शादी में पटाखे चलाये। युवक का गाजियाबाद के अस्पताल में उपचार चल रहा है। आरोप है कि प्रधान ने युवक को गोली मारने की धमकी भी दी। पूरा परिवार घटना के बाद से दहशत में है। पुलिस ने मारपीट की मामूली धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
गांव सौंदा के मोनू कश्यप के मुताबिक, उनके पड़ोसी सुंदर के बेटे शिवा की 11 दिसंबर को शादी थी। बरात हापुड़ के पिलखुवा गई थी। बरात में मोनू का बेटा शिवा कश्यप अपने साथी अभिषेक के साथ गया था। बरात में पटाखे चलाने के लिए उन्होंने साहिल को बुक किया था। उसके साथ में शिवा ने भी बरात में पटाखे चलाए। आरोप है कि सुंदर के साले व साहिल के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। बरात से लौटने पर साले ने गांव के प्रधान रजनीश त्यागी को सारी बताई। प्रधान रजनीश ने अपने घर साहिल को बुलाया और उससे मारपीट की। इस बीच शिवा कश्यप को भी बुलाया गया। आरोप है कि वहां प्रधान ने शिवा को कई चाटें मारे। लात-घूसों से पीटने के बाद लाठी-डंडों से कई वार किये। उनके साथ गाली-गलौज करते हुए अभद्रता भी की। इतना ही नहीं, धमकी दी कि गोली मारकर शव कहीं पर भी फेंक देगा। कहा मैं गांव का प्रधान हूं। अधिकारियों से मेरी पहचान है। मेरा कुछ नहीं बिगड़ेगा। शिवा रोते हुए घर पहुंचा और स्वजन को आपबीती सुनाई। उन्हें शरीर पर चोट के निशान थे। स्वजन ने स्थानीय अस्पताल में उपचार कराया। यहां से शिवा गाजियाबाद के अस्पताल में रेफर किया। मोनू ने शुक्रवार को निवाड़ी थाने पहुंचकर पुलिस को सारी बात बताई। आरोपित के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। प्रधान की दबंगई से पीड़ित परिवार दहशत में हैं। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि आरोपित प्रधान रजनीश त्यागी, दुल्हे का मामा व अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। छानबीन चल रही है, जिसकी भूमिका सामने आएगी उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *