मोदीनगर :
गांव मुरादाबाद में हुए विवाद के मामले में भोजपुर पुलिस पर एक तरफ़ा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए लोगों ने तहसील मोदीनगर पर हंगामा किया। पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सोमवार को ही बड़ी संख्या में लोगों ने भोजपुर थाने का घेराव भी किया था। लोगों ने चेतावनी दी जब तक निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होगी तब तक शांत नहीं बैठेंगे। भोजपुर थाने में एक युवती ने शिकायत दी थी, जिसमें आरोप था कि रास्ते में उनके साथ एक युवक ने छेड़खानी की। विरोध पर पीटा। जातिसूचक टिप्पणी भी की। वहीं, युवक की तरफ से तहरीर दी गई थी वे घर के बाहर थे। उनपर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। इतना ही नहीं, जबरन बंधक बनकार बुरी तरह पीट दिया। उन्हें अस्पताल में भर्ती तक कराना पड़ा। मामले में पुलिस ने युवती की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया। लोगों का आरोप है कि पुलिस ने बिना जांच किये एकतरफा कार्रवाई कर दी। जबकि युवक को गंभीर चोट हैं। युवती का आरोप को लोगों ने गलत बताया। इसको लेकर बड़ी संख्या में गांव से लोग तहसील पहुंचे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस पर आरोपितों से सांठगांठ कर केस दर्ज करने का आरोप लगाया। एसीपी का कहना है कि मामले में जांच के बाद ही केस दर्ज किया गया है। साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित होगी।