मोदीनगर :दिल्ली-मेरठ मार्ग पर गोविंदपुरी नाले मेें गिरकर हुई रिंकू की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। आरोप है कि दोस्तों ने शराब पीने को लेकर हुए विवाद में रिंकू को नाले में धक्का दे दिया था। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली क्षेत्र के गांव रोरी के इंदरपाल का 25 वर्षीय रिंकू किसान था। वह 25 जनवरी की शाम को अपनी माता मंजू को लेकर अस्पताल गया था। अस्पताल में मां को छोड़कर थोड़ी देर में आने के लिए बोलकर रिंकू कहीं चला गया। रात तक भी वह नहीं लौटा। कुछ देर बाद मोबाइल भी बंद हो गया। अगले ही दिन स्वजन ने थाने में शिकायत दी। पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन निकाली। जिसमें आखिरी बार मोबाइल गोविंदपुरी में गड्ढे वाले मैदान के पास एक्टिव दिखा। बृहस्पतिवार को मैदान के बराबर से गुजर रहे नाले में रिंकू का शव मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि हुई। पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि रिंकू अपने साथियों के साथ यहां मैदान में शराब पी रहा था। तीनों नशे की हालत में नाले के पास खड़े थे। इस दौरान आरोपितों ने रिंकू को नाले में धक्का दे दिया। एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मोदीनगर की सुदामापुरी कालोनी का गौरव और सन्नी हैं। दोनों को जेल भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई चल रही है।
