मोदीनगर :झमाझम वर्षा के बाद शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया। ऐसे में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ वाहन तो जलभराव में बंद भी हो गए। किसी तरह उन्हें सड़क किनारे किया। पिछले कई दिनों से उमसभरी गर्मी पड़ रही थी। ऐसे में लोग वर्षा की आस लगाए थे। सोमवार को सुबह वर्षा शुरू हुई, जो करीब चार घंटे तक हुई। झमाझम वर्षा से जहां उमसभरी गर्मी से राहत मिली। वहीं, जलभराव ने लोगों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी। हापुड़ रोड, सीकरी खुर्द गेट के निकट, सिखैड़ा रोड के निकट, तहसील, थाने समेत अलग-अलग जगहों पर जलभराव हो गया। ऐसा ही हाल मुरादनगर में भी रहा। मुख्य मार्ग पर जलालपुर रोड से आयुध निर्माणी के बीच जलभराव के हालात रहे। इसके अलावा असालनगर, राधेश्याम विहार के पांचों फेज, सैंथली, फ्रेंड्स कालोनी, शिवम विहार, जलालपुर रोड, ईदगाह कालोनी, डागर विहार जलभराव हो गया। घरों तक में पानी भर गया। पानी में भीगने से घर के फर्नीचर और दूसरे सामान खराब हो गए। वर्षा रुकने के बाद लोग घरों में भरा पानी बाहर निकालते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *