मोदीनगर :नगर की श्रीनगर कॉलोनी निवासी चिकित्सक डॉ. श्रवण कुमार शर्मा के बैंक के दो अलग-अलग खातों से 32 लाख रुपये की रकम साफ करने के मामले में कार्रवाई नहीं होने से गुस्साए लोगों ने सोमवार सुबह से बैंक के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर रकम वापस नहीं हुई तो आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी। आंदोलन के दौरान दिल्ली-मेरठ मार्ग पर जाम की स्थिति रही। मोदीनगर की श्रीनगर कालोनी के डा. एसके शर्मा चिकित्सक है। उनका शहर के एक बैंक में खाता है। उनके मुताबिक, 17 से 19 फरवरी के बीच उनके खाते से 32 लाख की रकम डेबिट हो गई। उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। रकम डेबिट होने का पता चला तो उन्होंने बैंक में शिकायत की, पर कार्रवाई नहीं हुई। तीन दिन पहले थाने में भी शिकायती पत्र दिया, लेकिन अब तक यह पता नहीं चला कि रकम किसके द्वारा निकाली गई है। तीन दिन बाद भी जब कार्रवाई नहीं हुई तो सोमवार को चिकित्सक ने बैंक के बाहर धरना शुरू कर दिया। दरी बिछाकर बड़ी संख्या में लोग धरने में शामिल रहे। डा. एसके शर्मा का कहना है कि अभी तक मामले में बैंक अधिकारियों व पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। इससे साफ है कि मामले में ढिलाई बरती जा रही है। इतनी रकम खाते से निकाली गई और बैंक अधिकारियों को पता नहीं चला। ऐसे में कहीं ना कहीं इसमें बैंक अधिकारियों की भूमिका भी संदेह में है। पूर्व विधायक ने कहा कि इस तरह चिकित्सक के खाते से रकम निकलना बैंक अधिकारियों की लापरवाही को दर्शाता है। चिकित्सक की रकम लौटाई जाए। साथ ही रकम निकालने वाले आरोपितों पर कार्रवाई होनी चाहिए। प्रकरण में एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा का कहना है कि शिकायत के आधार पर पुलिस जांच में जुटी है। साइबर सेल की भी मदद ली जा रही है। जल्द घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *