- कालेज में पटाखे फोड़ने के विरोध में पिटाई करने का प्रधानाचार्य का दावा
मोदीनगर
थाना क्षेत्र के दिल्ली मेरठ मार्ग पर स्थित डा. केएन मोदी साइंस एंड कामर्स कालेज में प्रधानाचार्य द्वारा छात्रों को डंडे से बुरी तरह पीटने का मामला सामने आया है। दोनों छात्रों के हाथ व कमर पर पिटाई के निशान हैं। उनका कहना है कि कक्षा से आईकार्ड लेने जा रहे थे। रास्ते में प्रधानाचार्य ने उन्हें पकड़ा और जातिसूचक टिप्पणी करते हुए बुरी तरह पीटा। दोनों छात्रों ने थाने में तहरीर दी है। उधर, प्रधानाचार्य का कहना है कि छात्रों ने कालेज परिसर में चोरी छिपे पटाखे छोड़े थे। इस तरह कालेज में शांतिव्यवस्था को भंग करना उचित नहीं है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
निवाड़ी रोड स्थित जगतपुरी कालोनी के ईशान डा. केएन मोदी साइंस एंड कामर्स कालेज में कक्षा दस के छात्र हैं। उनका दोस्त चूनाभट्ठी कालोनी का सुमित इसी कालेज में 11वीं कक्षा का छात्र है। उनके मुताबिक, वे बृहस्पतिवार को अपनी कक्षा से आईकार्ड लेने के लिए जा रहे थे। जब वे कक्षा के नजदीक पहुंचे तो कालेज के प्रधानाचार्य व एक शिक्षक ने उन्हें रोका और फटकारने लगे। बिना किसी कारण से दोनों छात्रों को पीटने लगे। डंडे से बुरी तरह कई वार किये। उन्होंने मिन्नते की लेकिन वे नहीं माने। छात्रों ने कालेज से निकलकर अपने स्वजन को सूचना दी। स्वजन तुरंत कालेज पहुंचे और छात्रों की पिटाई को लेकर प्रधानाचार्य से बात की। लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इससे गुस्सा स्वजन छात्रों को लेकर मोदीनगर थाने पहुंच गए और पुलिस को सारी बात बताई। प्रधानाचार्य व शिक्षक के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। मामले में एसीपी मोदीनगर का कहना है कि प्रकरण में जांच की जा रही है। उसके उपरांत कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कालेज के प्रधानाचार्य सतीश चंद अग्रवाल का कहना है कि दोनों छात्र कालेज परिसर में पटाखे चला रहे थे, जिससे अन्य छात्रों को पढ़ाई में परेशानी हो रही थी। उन्हें समझाया लेकिन नहीं माने।
