मोदीनगर : नगर पालिका परिषद के वार्ड नौ में विभिन्न स्थानों पर सभासद लापता के पोस्टर लगने से हड़कंप मच गया। विरोध में सभासदों ने थाने में हंगामा किया। सभासद ने इसे राजनैतिक साजिश के तहत उनकी छवि खराब करने का षड्यंत्र बताते हुए अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाली क्षेत्र के कादराबाद से संदीप सांगवान सभासद हैं। सुबह उनके पास गांव के किसी व्यक्ति की काल आई और कहा कि गांव में उनके लापता के पोस्टर चस्पा है। इसपर वे चौक गए। गांव में पहुंचे तो जगह-जगह पोस्टर लगे मिले। उनपर लिखा है कि वार्ड नंबर -09 के सभासद संदीप सांगवान लापता है। जिसको मिले वे सपंर्क करें। इसी के नीचे संदीप का मोबाइल नंबर लिखा है। संदीप ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद नगरपालिका मोदीनगर के अन्य सभासदों के साथ मोदीनगर थाने पहुंचे और एसएचओ को पूरे प्रकरण से अवगत कराया। उन्होंने तत्काल पुलिस टीम को मौके पर भेजा। पुलिस ने तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। संदीप के मुताबिक, इस तरह के कृत्य से उनकी समाज में छवि धूमिल हुई है। ऐसे तरह के आरोपियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। मामले में एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना का कहना है कि आरोपित की पहचान करने की कोशिश चल रही है। जल्द उसकी गिरफ्तारी होगी।
