मोदीनगर :भोजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से लापता 17 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने शनिवार को सकुशल बरामद कर लिया। आरोप है कि आरोपी युवक उसे अगवा कर ले गया और दुष्कर्म किया। संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। भोजपुर के एक गांव के व्यक्ति के मुताबिक, दो दिन पहले उनकी 17 वर्षीय बेटी बाजार से सामान लेने गई थी। लेकिन घर नहीं लौटी। स्वजन ने आसपास में पता किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। भोजपुर पुलिस ने व्यक्ति की शिकायत पर अपहरण का केस दर्ज किया। इलेक्ट्रानिक सर्विलांस व मेनुअल इनपुट की मदद से पुलिस नोएडा पहुंची। यहां किशोरी के साथ एक युवक था। पुलिस दोनों को भोजपुर थाने ले आई। पूछताछ में किशोरी ने पुलिस को बताया कि युवक उसे बहला फुसलाकर एक होटल में लेकर गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया और मुकदमे में दुष्कर्म व पाक्सो की धाराएं बढ़ाई। एसीपी मोदीनगर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मोदीनगर की भूपेंद्रपुरी का आर्यन है। उसे कोर्ट में पेश किया गया है। जल्द किशोरी के बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराए जाएंगे।