मोदीनगर :दिल्ली-मेरठ मार्ग पर अंबर सिनेमा के पास स्थित कार गैराज में चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की बाइक बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ पूर्व में ही मेरठ में चोरी का एक मुकदमा दर्ज है। कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली-मार्ग पर इरफान का वाहन सही करने का गैराज है। उनके गैराज में शुक्रवार को दो चोर आ गए थे। उन्होंने गैराज में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़े दिये। इस दौरान इरफान सीसीटीवी कैमरे की फाइव फुटेज देख रहे थे। आरोपी की करतूत देख उन्होंने आसपास के लोगों को काल कर सूचना दी। खुद भी मौके पर पहुंचे और आरोपियों को दबोचकर धुन दिया। मौके पर पहुंची पुलिस को आरोपी सौंप दिये। एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मोदीनगर की किदवईनगर कालोनी का शादाब और मेरठ जिले के थाना जानी क्षेत्र के गांव धौलड़ी का आसिफ हैं। संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
