मोदीनगर : गाज़ियाबाद के पुलिस आयुक्त ने ‘वादी संवाद दिवस’ की नई पहल शुरू की है।सभी थानों में बुधवार को वादी संवाद दिवस आयाेजित हुआ, जिसमें वादी व विवेचक को बुलाकर एसएचओ ने विवेचना की स्थिति जानी। विवेचक को जल्द से जल्द विवेचना पूरी करने के निर्देश दिये गए। अपने सवालों के जवाब पाकर वादी भी संतुष्ट दिखे। मोदीनगर में 65, मुरादनगर में 60, भोजपुर में 35 व निवाड़ी में 20 मामलों पर सुनवाई हुई। विवेचनाओं के सही निस्तारण व वादी संतुष्टि को लेकर पुलिस कमिश्नर गाजियाबाद की तरफ से जिले के प्रत्येक थानों में वादी संवाद दिवस चलाने के आदेश जारी किये गए हैं। जिसमें अंतर्गत वादी व विवेचक को सामने बैठाकर एसएचओ सुनवाई करते हैं। वादी द्वारा विवेचना से संबंधित पूछे गए सवालों के उत्तर दिये जाते हैं। सुबह दस बजे वादी संवाद दिवस शुरू हुआ था। समय से ही लोग यहां पहुंचने लगे। एसीपी मोदीनगर मोदीनगर थाने पहुंचे। यहां एक महिला अपनी लापता बेटी को लेकर दर्ज मुकदमे की स्थिति जानने पहुंची। इसपर विवेचक ने बताया कि युवती के नंबर की सीडीआर का मिलान किया जा रहा है। जल्द उसकी बरामदगी होगी। इसके अलावा तरह अन्य थानों में भी सुनवाई चली। एसएचओ ने विवेचकों को सख्त निर्देश दिये कि किसी सूरत में विवेचना में लापरवाही ना की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *