मुरादनगरः थाना क्षेत्र की एक कालोनी में झाड़ फूंक के बहाने महिला और उसकी नाबालिग पुत्रियों से दुष्कर्म करने वाले आरोपी व उसके दोस्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला ने बताया कि कोरोना काल में उनके बीमार पड़ने पर पास के एक मेडिकल स्टोर से एक युवक ने उनके घर पर दवा सप्लाई की थी। एक दिन आरोपी ने महिला को बताया कि वह रूहानी इल्म का जानकार और उनकी दोनों पुत्रियों पर बुरी शक्ति का साया है। आरोपी ताबीज देने के बहाने उनके घर आने लगा। युवक ने उनकी नाबालिग पुत्रियों को प्रेम जाल में फांसकर शोषण करने लगा। जब महिला को पता चला तो उसने विरोध किया, जिस पर आरोपी ने दोनों पुत्रियों के अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी और महिला के साथ दुष्कर्म किया। साथ ही 70 हजार मांगे। आरोपी के दोस्त ने भी महिला संग दुष्कर्म किया। एसीपी मसूरी ने बताया पुलिस ने व्यापारियान कालोनी के आमिर खान व उसके दोस्त मोनू को गिरफ्तार किया है।