Modinagar । गिन्नी देवी डिग्री कॉलेज के सामने गुरुद्वारा मार्केट के गेट के पास सीवर लाइन डालने व रैपिड ट्रेन का निर्माण कार्य एक साथ चलने के चलते सड़क संकरी हो गई। जिस कारण दिल्ली मेरठ मार्ग पर शनिवार को सुबह से जाम लग गया। जाम के कारण गाजियाबाद से मेरठ जाने वाले मार्ग पर वाहनों की लम्बी लाइन लगी रही। जाम के कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
दिल्ली मेरठ मार्ग पर मोदीनगर शहर मे रैपिड ट्रेन के पीलर बनाने का निर्माण कार्य चल रहा है। कुछ दिन पहले ही गिन्नी देवी डिग्री कॉलेज के सामने रैपिड ट्रेन का निर्माण कार्य श्ुारू किया। इसके अलावा गुरुद्वारा मार्केट के मुख्य गेट के पास सीवर लाइन डालने का भी निर्माण कार्य चल रहा है। जिस कारण सड़क संकरी हो गई। इतना ही नहीं सड़क पर गहरे व बडे गड्ढे भी बन गए है। इसके चलते दिल्ली मेरठ मार्ग पर आए दिन जाम जैसी स्थिति बनी रहती है। शनिवार सुबह आठ बजे से ही जाम लगना शुरू हो गया। देखते ही देखते वाहनों की लम्बी लाइन लग गई। सुबह आठ बजे से लगा जाम शाम तक लगा रहा। सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि जाम को देखते हुए पुलिसकर्मी तैनात कर दिए है। सड़क को ठीक कराने को संबंधित विभाग से कहा गया है।
