Modinagar : आंदोलन समाप्त होने के बाद बुधवार को भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत गाजीपुर बार्डर से अपने घर मुजफ्फरनगर के गांव सिसौली के लिए भारी भरकम काफिले के साथ रवाना हुए। इसी दौरान मोदीनगर में कई स्थानों पर भाकियू व रालोद  कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान करीब दर्जनभर लोगों के पर्स व मोबाइल निकले। स्वागत के चलते नगर में दिल्ली मेरठ मार्ग पर कई घंटे का जाम लगा। दोपहर करीब साढ़े 11 बजे राकेश टिकैत का काफिला मोदीनगर पहुंचा तो विभिन्न स्थानों, चैराहों आदि पर किसानों ने फूल मालाओं व ढोल नगाड़ों से उनका जोरदार स्वागत किया। राकेश टिकैत ने बस स्टैंड स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। तीनों कृषि कानूनों के विरोध में गाजीपुर बार्डर पर एक साल से अधिक आंदोलन चलाने के बाद बुधवार को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत की घर वापसी हुई। मोदीनगर की सीमा में प्रवेश करते ही उनका जगह-जगह भाकियू, रालोद व अन्य किसान कार्यकर्ताओं सहित किसानों ने जोरदार स्वागत किया।
राकेश टिकैत ने कहा कि समझौते के आधार पर आंदोलन स्थगित हुआ है। अगली बैठक संयुक्त किसान मोर्चा की 15 जनवरी को दिल्ली में होगी, जिसमें 40 लोग शामिल होंगे। इस बैठक में चर्चा होगी, कि एक साल में क्या खोया क्या पाया। उन्होंने कहा कि आंदोलन को सफल बनाने में सफाई कर्मचारियों से लेकर किसान, नौजवान, महिलाएं, बच्चें, डाक्टर व पुलिस प्रशासन समेत कई समाज के लोगों का पूरा सहयोग मिला।
उन्होंने कहा कि फतेह मार्च निकालकर सभी किसान अपने अपने घर लौट रहे हैं। तीनों कृषि कानून सरकार ने वापस लिए हैं। एमएसपी पर कमेटी बनी है, जो काम शुरू करेगी। किसानों के मुकदमे वापस होने की बात हुई है। जिन 750 किसानों की शहादत हुई है। उन्हें मुआवजा देने के लिए आश्वासन मिला है। काफिले में राकेश टिकैत के साथ चरण सिंह टिकैत व गौरव टिकैत भी मुख्य रूप से शामिल रहे। स्वागत करने वालों में काजमपुर गांव सीकरीकलां में भाकियू नेता सतेन्द्र त्यागी, तेल मिल गेट पर पूर्व विधायक सुदेश शर्मा ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ राकेश टिकैत का स्वागत किया। इसके अलावा बस स्टैण्ड़ पर जगत सिंह दौसा, रामभरोसै मौर्य, रणवीर दहिया, गोविन्दपुरी में जयकुमार मलिक, गांव कादराबाद में अशोक भैय्या, सतीश अग्रवाल व पवन कुमार, इसके अलावा राकेश टिकैत ने गांव कादराबाद मे दस मिनट रुककर चाय पी और नाश्ता किया। इस मौके पर सतेन्द तोमर, जगत सिंह दौसा, अजीत खंजरपुर, सुनील त्यागी, विकास यादव, रिंकू त्यागी, विजय कादराबाद, अंतवीर कादराबाद, कर्मवीर प्रधान कादराबाद, ओमपाल सिंह, बाबा परविन्द्र, आलोक चौधरी, संजू, तेजिंदर, सोनू, नीटू सांगवान, ख्पूर्व जिला पंचायत सदस्य मुकेश टिकैत, पप्पू खंजरपुर व चौधरी पवन कुमार उर्फ लाला राम बापू आदि मौजूद रहे।

काफिले के दौरान मोबाइल व पर्स चोरी
कादराबाद में अशोक भैय्या का मोबाइल व उनके छोटे भाई सतीश अग्रवाल का पर्स निकाल लिया गया। जिसमें करीब 15 हजार रुपये थे। इसके अलावा आदर्शनगर के आलोक चौधरी सहित करीब दर्जनभर लोगों के पर्स व मोबाइल निकाल लिए गए।

Disha Bhoomi
Disha Bhoomi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *