- पीड़िता ने पुलिस कमिश्नर से की शिकायत, लगाए गंभीर आराेप
मोदीनगर कोतवाली क्षेत्र की धर्मपुरी कालोनी में मकान पर जबरन कब्जा कराने का मोदीनगर कोतवाल पर आरोप लगाया है। आरोप है कि पीड़िता के परिवार को थाने में बैठा लिया गया और दूसरे पक्ष ने मकान पर कब्जा कर लिया। मामले में पीड़िता ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत की है। पुलिस कमिश्नर ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। स्थानीय पुलिस आरोपों को बेबुनियाद बता रही है। दोनों पक्षों के बीच संपत्ति को लेकर विवाद का दावा किया जा रहा है। धर्मपुरी कालोनी की विधि के मुताबिक, पड़ोसी कुछ आरोपित उनके मकान पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। आरोपितों ने शनिवार को उनके घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे का तार काट दिया। जब इसका विरोध विधि व उनके पिता राजकुमार ने किया तो आरोपितों ने उनके साथ गाली-गलौज व मारपीट कर दी। विधि ने थाने में शिकायत दी। आरोप है कि पुलिस जबरन विधि के पिता, भाई व माता को थाने ले आई। उन्हें जबरन थाने में बैठा लिया। इस बीच आरोपितों ने मकान पर दीवार खड़ी कर दी। उनका कहना है कि आरोपितों की मोदीनगर कोतवाल से सांठगांठ थी। इसलिए उन्होंने पूरी भूमिका रची। आरोप है कि आरोपित पहले भी उनके खिलाफ पुलिस से सांठगांठ कर तीन मुकदमे दर्ज करा चुके हैं। अब भी पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी। तहरीर पर कार्रवाई तक नहीं की। इसलिए परेशान आकर उन्हें पुलिस कमिश्नर से शिकायत करनी पड़ी। शिकायत पत्र में पीड़िता ने मोदीनगर कोतवाल पर गंभीर आरोप लगाए है। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय का कहना है कि विवाद की सूचना पर पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लिया था। दोनों पक्ष के लोगों का शांतिभंग में चालान किया गया है। इनके बीच पुराना संपत्ति विवाद चल रहा है। पुलिस पर लगे आरोप पूरी तरह गलत है।