मोदीनगर। शादी में दहेज कम लायें जाने की बात को लेकर नाराज ससुरालियों पर एक विवाहिता ने जहर देकर जान से मारने के प्रयास का आरोप मंढ़ा है। गंभीर हालात में महिला को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पति सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरियाणा के पानीपत के गांव हथवाला निवासी पारुल का विवाह नवंबर 2020 में मोदीनगर के गांव मोहम्मदपुर कदीम निवासी अभिषेक के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही कम दहेज लाने को लेकर प्रताड़ित किए जाने लगा। काफी समय से दहेज में कार व नकदी की मांग की जा रही थी। पिता सतीश कुमार ने बताया कि गत 18 अगस्त को अभिषेक परिजनों ने विवाहिता को मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराने का फोन आया कि पारुल की तबीयत काफी खराब है। इसके बाद वह मोदीनगर पहुंचे और अस्पताल में पारुल से मुलाकात की। पारुल ने बताया कि ससुरालियों ने मुझे खाने में जहर देकर जान से मारने का प्रयास किया है। गंभीर हालात में विवाहिता को मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र सिंह ने बताया कि विवाहिता के पिता सतीश कुमार की तहरीर पर पति अभिषेक, ससुर देवेन्द्र, सास सुमन, देवर अनुभव व ननद शिखा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
