Modinagar : एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। परिजनों ने पांच युवकों पर पीट पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मंगलवार को परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग को लेकर थाने पर जमकर हंगामा भी किया। पुलिस पोस्टमार्टम आने के बाद ही आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।
नगर भूपेन्द्रपुरी कॉलोनी में सोनू कुमार (20) वर्ष अपनी पत्नी रिंकू के साथ रहता था। सोनू कुमार की एक साल पहले ही रिंकू के साथ शादी हुई थी। सोनू गाजियाबाद स्थित कलेक्ट्रेट में सफाई कर्मचारी पद पर संविदा पर काम करता था। आरोप है कि गत 26 दिसम्बर की रात नौ बजे के आसपास सोनू अपने साथ रिंकू पुत्र हिंमाशु पत्र सतपाल के साथ खाना खाने के लिए घूमने के लिए निकला था। आरोप है कि जब नंदनगरी कॉलोनी के पास पहुंचा तो कई युवकों ने उसे रोक लिया और वीड़ियों पर बयान देने की बात कहने लगे। मना करने पर आरोपियों ने सोनू व हिंमाशु की बेहरमी से पिटाई करनी शुरू कर दी। हिंमाशु तो किसी तरह मौके से भाग निकला, लेकिन सोनू के साथ मारपीट करते रहे। हिंमाशु ने इसकी सूचना सोनू के परिजनों को दी। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि सोनू जमीन पर पड़ा हुआ और तड़प रहा है। वह उसे तुरन्त स्थानीय अस्पताल ले गए, लेकिन हालात गंभीर होने पर मेरठ के लिए रेफर कर दिया। सोमवार देर रात सोनू ने मेरठ के अस्पताल में दम तोड़ दिया। परिजनों ने पांच लोगों पर पीट पीटकर हत्या करने का आरोप लगाकर थाने में तहरीर दी है। थाना प्रभारी मुनेन्द्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होने बताया कि गत 26 दिसम्बर की रात को परिजनों ने जहर खाने की सूचना दी थी और अब पीट पीटकर हत्या करने की तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
