मोदीनगर।  यूपी पुलिस के सिपाही द्वारा पहली पत्नी के होते हुए दूसरी से विवाह किए जाने का मामला सोशल मीडिया पर सुर्खियों में है। आरोप है कि सिपाही व उसकी मां द्वारा पहली पत्नी को मारपीट कर घर से निकाल दिया। महिला की तहरीर पर पुलिस ने सिपाही सहित तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थानान्तर्गत गांव खंजरपुर निवासी एक महिला का विवाह करीब 13 वर्ष पूर्व मुरादनगर थानान्तर्गत गांव जलालपुर ढिढ़ार निवासी अनुज के साथ हुआ था। अनुज से महिला ने तीन बच्चों को भी जन्म दिया। वर्ष 2016 में अनुज की यूपी पुलिस में सिपाही पद पर नौकरी लग गई। इन दिनों उसकी ड्यूटी मुजफ्फरनगर में चल रही है। आरोप है कि सिपाही ने साथ काम करने वाली महिला सिपाही से दूसरी शादी दो साल पहले कर ली। पिछले दिनों महिला को इस बात का पता चला तो उसने अपनी सास को बताई। आरोप है कि पति व सास ने मारपीट कर महिला को बच्चों सहित घर से निकाल दिया। महिला ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी है। थाना प्रभारी मुनेन्द्र सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर पुलिस ने पति अनुज, सास मुनेश व सावित्री देवी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *