Modinagar । आये दिन शहर के मुख्य मार्ग पर लगने वाले जाम के लिए सड़क पर बेतरतीब खड़े आटो भी जाम का बड़ा कारण बन रहे हैं। जिस कारण हर रोज वाहन चालकों को जाम झेलने को मजबूर होना पड़ रहा है। रविवार दोपहर को इसी कारण दिल्ली-मेरठ हाईवे पर जाम लगा रहा। दोनों तरफ करीब दो से ढाई किलोमीटर लंबे जाम में फंसकर वाहन चालकों को मुसीबत झेलनी पड़ी।
इन दिनों एनसीआरटीसी ने शहर में बस अड्डे के आसपास की जमीन पर कब्जा लेकर रैपिड रेल निर्माण कार्य शुरू कर दिया है, जबकि भगवान गंज मंडी के आसपास भी कार्य शुरू करने के लिए डिवाइडर के दोनों तरफ बेरिकेडिंग कर दी है। सड़क के दोनों तरफ जहां अतिक्रमण है, वहीं खरीदारी को आने वाले लोग अपने वाहनों को बीच सड़क पर खड़ा कर देते हैं जिससे वाहनों की गति पर विराम लगता है। रविवार दोपहर को आटो वालों की मनमानी भी देखने को मिली। बस अड्डे के आसपास दर्जनों की संख्या में आटो सड़क पर सवारी बैठाने के चक्कर में आड़े तिरछे खड़े हो गए। इससे हाईवे पर पूरी तरह वाहनों की रफ्तार पर विराम लग गया। स्थिति उस समय ज्यादा भयावह हो गई, जब गन्ने से लदे ट्रैक्टर ट्राले मिल में जाने के लिए हाईवे पर आ गए। इसके बाद दोनों तरफ दो से ढाई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम में फंसकर लोग परेशान हो गए। बड़ी तादाद में लोग संपर्क मार्गों से होकर गंतव्य तक गए। बताते चले कि ाईवे पर पिछले करीब एक माह से रोजाना भयंकर जाम लग रहा है। इसके बावजूद अधिकारियों के स्तर से जाम से निपटने को कोई कोशिश नहीं हो रही है। सीओ सुनील कुमार का कहना है कि जाम की समस्या को लेकर गंभीरता बरती जा रही है। पुलिस की सतर्कता के कारण ही स्थिति काफी हद तक नियंत्रण में भी है।
