मोदीनगर :गांव ईशापुर के ग्रामीणों ने सोमवार को एक दूध फैक्टरी पर प्रदूषण फैलाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों का कहना है कि फैक्टरी से फैल रहे प्रदूषण के कारण उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही है और फैक्टरी से निकलने वाली राख (छाई) से भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।फैक्ट्री संचालक पर कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह ग्रामीणों को शांत किया। सुबह करीब 11 बजे ईशापुर गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण फैक्ट्री पर इकट्ठा हुए थे। उन्होंने यहां नारेबाजी करते हुए धरना दिया। ग्रामीणों ने बताया कि फैक्ट्री से पूरे दिन धुआं निकलता है, जिसमें खतरनाक गैंस रहती है। इससे वातावरण दूषित होता है। लोगों को आंखों में जलन के साथ सांस लेने में परेशानी आ रही है। कई लोग बीमार तक हो चुके हैं। इसको लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है। लेकिन अधिकारियों का इस तरफ ध्यान नहीं है। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह ग्रामीणों को शांत किया। इस मौके पर रेखा, बबीता, राजकुमार, नीटू, सरिता, अंकित आदि उपस्थित रहे।
