दिल्ली रोड स्थित शहीद स्मारक परिसर में शनिवार को अमर जवान ज्योति के प्रज्वलन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अमर जवान ज्योति प्रज्वलन के लिए विशेष तौर पर मुरादाबाद से पीतल का कवर मंगाया गया है। जिसका वजन 16 किलो है। शनिवार को ट्रायल के तौर पर अमर जवान ज्योति प्रज्वलित की गई है। अमर जवान ज्योति पर लोक निर्माण विभाग ने कार्यदायी संस्था होने के नाते पट्टिका भी लगाई है। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर शुभारंभ के लिए स्मारक परिसर में टेंट लगाया गया है। एडीएम वित्त सुभाष प्रजापति, सीडीओ शशांक चौधरी, सिटी मजिस्ट्रेट व डीआइओएस ने एमडीए, लोक निर्माण विभाग व गेल के अधिकारियों के साथ मौके पर जायजा लेते हुए तैयारियों की समीक्षा की है। लोक निर्माण विभाग ने अमर जवान ज्योति का निर्माण कार्यदायी संस्था के रूप में 13.01 लाख की लागत से पूरा किया है। इसमें डीएम ने 8.01 लाख क्रिटिकल केयर फंड से और 5 लाख का सहयोग गेल गैस कंपनी ने किया है। 15 अगस्त को प्रज्वलन की तैयारी के लिए आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मुख्य अतिथि व भाग लेने वाले जनप्रतिनिधि आदि के संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक चल रही है। वह कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर रहे हैं। 15 अगस्‍त की तैयारियों को लेकर पुलिस अलर्ट पर है। शहर में सुरक्षा के लिए पुलिस जगह-जगह तैनात रहेगी। अधिकारी आज पूरे शहर में सुरक्षा के मद्देनजर जांच पड़ताल करेंगे। सीसीटीवी से भी निगरानी रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *