प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 फरवरी को मेरठ दौरे में दो घंटे रहेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री सुबह 11:50 बजे मेरठ पहुंचेंगे। रैपिड रेल और मेट्रो परियोजना का शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री रैपिड रेल में बच्चों के साथ सफर भी करेंगे और फिर मोहिउद्दीनपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा लगभग एक घंटे की रहने की संभावना है।प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को लेकर प्रशासन और भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को डीएम डॉ. वीके सिंह और एसएसपी अविनाश पांडेय ने जनसभा स्थल का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंच, सुरक्षा घेरा, पार्किंग, बैरिकेडिंग और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
