मोदीनगर
दिल्ली मेरठ मार्ग पर हरमुखपुरी गेट के निकट जन सेवा केंद्र का ताला तोड़कर बदमाशों ने जेवर व नकदी चोरी कर ली। पीड़ित उस समय बाहर गया था। लौटने पर चोरी की जानकारी हुई। बदमाश सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे हैं। पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। हरमुखपुरी कालोनी के सोमेश शर्मा का मोदीनगर में दिल्ली मेरठ मार्ग पर जन सेवा केंद्र है। बृहस्पतिवार दोपहर को वे केंद्र के गेट का ताला लगाकर किसी काम से गये थे। इसी बीच बदमाश वहां आये और ताला तोड़कर अंदर से सामान चोरी कर लिया। कुछ देर बाद जब सोमेश लौटे तो ताला टूटा देख चौक गए। अंदर गए तो टेबल की दराज का लाक टूटा मिला। उसमे से सोने की दो अंगूठी, चेन व करीब 35 हजार नकदी गायब थी। उन्होंने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और छानबीन की। एसीपी मोदीनगर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की पहचान करने की कोशिश चल रही है। जल्द आरोपितों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।