मोदीनगर दहेज में कार व प्लाट नहीं मिलने पर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकालने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति के अपनी विधवा भाभी से संंबंध है। विरोध पर विवाहिता के साथ मारपीट की जाती है। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।मोदीनगर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की महिला की शादी 2021 में मेरठ में हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग कार व प्लाट की मांग करने लगे। विरोध पर महिला को पीटा जाता। वे चुपचाप उत्पीड़न झेल रही थी। इस बीच महिला के जेठ की मौत हो गई। जिसके बाद महिला के पति के अपनी भाभी से संबंध हो गए। अवैध संबंधों का जब महिला ने विरोध किया तो ससुरालियों ने उन्हें बुरी तरह पीटा। आरोप है कि उन्हें आत्महत्या के लिए भी उकसाया गया। आरोपित लगातार दहेज में कार व प्लाट लाने के लिए उनपर दबाव बनाते रहे। कुछ महीने पहले उन्हें पीटकर घर से निकाल दिया। मामले की शिकायत महिला ने स्थानीय पुलिस से की। लेकिन सुनवाई नहीं हुई। परेशान आकर पुलिस उच्चाधिकारियों को पूरे प्रकरण से अवगत कराया। मामले में एसीपी का कहना है कि पति समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जांच में जिसकी भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित होगी।