मोदीनगर :मोदीनगर थाना क्षेत्र में ससुरालियों द्वारा विवाहिता को पीटकर घर से निकालने का मामला सामने आया है। देवर पर भी दुष्कर्म का आरोप है। पीड़िता ने थाने में शिकायत दी। कोर्ट के आदेश पर माेदीनगर पुलिस ने पति समेत सात पर केस दर्ज कर लिया है। मोदीनगर थाना क्षेत्र की एक कालोनी की युवती की शादी फरवरी 2023 में मेरठ में हुई थी। पति भारतीय सेना में हैं। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल के लोग दहेज की मांग काे लेकर उन्हें प्रताड़ित कर रहे थे। आए दिन मायके से पांच लाख रुपये व कार लाने की मांग करते थे। परिवार बना रहे इसलिए वे सब सहती रही। वे गर्भवती हुई। उन्हें उम्मीद थी कि अब ससुराल के लोग दहेज की मांग बंद कर देंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। आरोप है कि गर्भावस्था में ही देवर ने भी उनके साथ दुष्कर्म किया। इस बारे में जब ससुरालियों को बताया तो उन्होंने उल्टा विवाहिता को ही गलत ठहराया। अब कुछ दिन पहले आरोपितों ने उन्हें पीटकर घर से निकाल दिया। बिना दहेज लाए घर नहीं आने की चेतावनी दी। पीड़िता तभी से अपने मायके रह रही हैं। उन्होंने पुलिस से शिकायत की। लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। परेशान आकर कोर्ट का रास्ता चुना। एसीपी मोदीनगर ने बताया कि पति समेत सात ससुरालियों पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जांच में जिसकी भूमिका सामने आएगी, उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *