- तमंचा, लाठी, सरिया समेत अन्य हथियार लेकर पहुंचे अारोपित, 12 पर केस
मोदीनगर निवाड़ी रोड स्थित बीएस फार्म हाउस में सगाई समारोह के दौरान मामूली कहासुनी में आरोपितों ने व्यक्ति पर हमला बोल दिया। 12 आरोपित लाठी-डंडे, तमंचे व सरिये से लैस होकर पहुंचे और बुरी तरह पीटा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपित भाग निकले। घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने छह नामजद व छह अज्ञात आरोपितों पर केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
निवाड़ी रोड स्थित शिवपुरी कालोनी के बनवीर के बेटे मनीष की पांच फरवरी को सगाई थी। सगाई समारोह के लिए उन्होंने बीएस फार्म हाउस को बुक किया था। सभी रिश्तेदार फार्म हाउस में थे। सगाई के रिति-रिवाज चल रहे थे। इस बीच बनवीर के दामाद अंकुर की आरोपितों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। कुछ ही देर में नौबत गाली-गलौज तक पहुंच गई। उस समय तो रिश्तेदारों ने मामला शांत करा दिया। लेकिन आरोपित आक्रोशित थे। वे कुछ ही देर बाद हथियारों से लैस होकर फार्म हाउस में पहुंचे और अंकुर पर हमला बोल दिया। ताबड़तोड़ वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि दहशत फैलाने के इरादे से आरोपितों ने हवाई फायर भी किया। हालांकि, पुलिस फायरिंग की बात से इनकार कर रही है। मामला बढ़ता देख डायल 112 पर सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची। इसी बीच आरोपित वहां से भाग निकले। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली। जिससे आरोपितों की पहचान हुई। मामले में बनवीर ने थाने में शिकायत देकर आरोपितों पर कार्रवाई की मांग उठाई है। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि निवाड़ी थाना क्षेत्र के गांव पुठरी के गोलू, चीनू, वंश उर्फ जंगली और रोहिल दलाल, विवेक राज, दीपांशु व छह अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। जल्द सभी की गिरफ्तारी होगी।