मोदीनगर
निवाड़ी-कुसैड़ी मार्ग पर खेत में काम कर रही दो महिलाओं से बदमाशों ने चाकू के बल पर जेवर लूट लिये। महिलाओं ने विरोध किया तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। बदमाश कुंडल लूटकर फरार हो गए। केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। कस्बा निवाड़ी की महिला सुनीता व उर्मिला शनिवार दोपहर खेत पर पशुओं के लिए चारा लेने गई थी। चारा काटते हुए अचानक उनके पास एक बाइक आकर रूकी। बाइक पर दो बदमाश थे। जिनके पास चाकू व पिस्टल थी। आते ही उन्होंने महिलाओं को चाकू व पिस्टल से आतंकित कर दिया और गहने उतारने के लिए कहने लगे। विरोध करने पर उन्हें पीटा। इस बीच एक आरोपियों ने महिलाओं के कान से कुंडल लूट लिये। जिससे महिला के कान से खून बहने लगा। शोर सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान व महिलाएं दौड़ी। जिन्हें देख आरोपी फरार हो गए। सूचना पर एसीपी ज्ञान प्रकाश राय टीम के साथ पहुंचे। बदमाशों की तलाश की लेकिन पता नहीं चला। एसीपी ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।