- 17 दिसंबर को निवाड़ी में बच्चे व व्यक्ति का मिला था शव
मोदीनगर निवाड़ी में 17 दिसंबर को मिले बच्चे व व्यक्ति के शव को महीना बीत गया है। लेकिन दोनों मामलों का पर्दाफाश नहीं हुआ है। पुलिस के हाथ दोनों मामलों में खाली हैं। पुलिस तमाम सीसीटीवी फुटेज खंगाल चुकी है। कई संदिग्धों से पूछताछ की जा चुकी है। लेकिन कोई साक्ष्य ऐसा नहीं मिला, जिससे घटना का पर्दाफाश हो सके। यहां तक की बच्चे की शिनाख्त तक नहीं हुई है। निवाड़ी पुलिस के अलावा देहात स्वाट भी घटना पर काम कर चुकी हैं। घटनाओं का पर्दाफाश ना होना गाजियाबाद पुलिस के हाइटेंक होने के दावों की भी पोल खोल रहा है। एक दिन में दो शव मिलने के बाद निवाड़ी थाना प्रभारी व सौंदा चौकी प्रभारी पर भी गाज गिरी थी।
ये हैं मामले
- 17 दिसंबर की दोपहर निवाड़ी थाना क्षेत्र में गंगनहर किनारे सौंदा पुलिस चौकी के निकट एक बैंग में छह वर्षीय बच्चे का शव मिला। बच्चे के कपड़े उल्टी से सने थे। उनके बाये हाथ पर प्लास्टर लगा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। कुकर्म की आशंका के चलते सैंपल फारेसिंक लैब भेजा जाएगा। मेरठ पुलिस ने तारापुरी कालोनी के एक दंपती द्वारा बच्चे की शिनाख्त जुनैद के रूप में करने का दावा किया। इसलिए पुलिस ने दंपती का डीएनए सैंपल जांच के लिए भेजा। डीएनए रिपोर्ट पर शिनाख्त टिकी है।
- 17 दिसंबर की दोपहर ही गांव सौंदा के ईख के खेत में युवक मुस्तफा का शव मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया। लेकिन अब तक घटना का पर्दाफाश नहीं हुआ है। पुलिस मामले में तमाम लोगों से पूछताछ कर चुकी है। वारदात को अंजाम देने का अंदेशा करीबियों पर ही है। लेकिन उनके खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं मिला है। पुलिस के हाथ पूरी तरह खाली हैं।
दोनों मामलों को लेकर पुलिस गंभीर है। लगातार घटनाओं पर टीम काम कर रही हैं। जल्द से जल्द दोनों घटनाअों का पर्दाफाश किया जाएगा। ज्ञान प्रकाश राय, एसीपी मोदीनगर।
