मोदीनगर : मोदीनगर में खेलो इंडिया अस्मिता के अंतर्गत चार दिवसीय भारोत्तोलन लीग होगी। मुख्य अतिथि रजत पदक विजेता मीराबाई चानू और नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह रहेंगी। लीग इंडियन वेटलिफ्टिंग टीम के हेड कोच व द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित विजय शर्मा के निर्देशन में संपन्न होगी। यह लीग 5 से 8 दिसंबर तक होगी और इसमें 30 खिलाड़ियों ने पंजीकरण करा चुके हैं। महिलाओ को खेलों में बढ़ावा देने के मकसद से सरकार ने अस्मिता लीग शुरू की है। देश में इस तरह की 100 लीग होनी हैं। इन लीग का उद्देश्य देश के युवाओं को अगले आेलिंपिक खेलों के लिए तैयार करना है। अस्मित लीग केवल महिला खिलाड़ियों के लिए हैं। जबकि खेलो इंडिया में पुरुष व महिलाएं दोनों हिस्सा ले सकते हैं। खेलो इंडिया अस्मिता के अंतर्गत छह महीने पहले भी मोदीनगर में लीग हुई थी, जिसका शुभारंभ खेल मंत्री मनसुख माडविया ने किया था। अब नार्थ जाेन की लीग फिर से मोदीनगर में होनी है। हेड कोच विजय शर्मा ने बताया कि लीग को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के लिए यहीं पर रहने व भोजन की व्यवस्था रहेगी। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की छह श्रेणी रहेगी, जिन्हें वजन के हिसाब से विभाजित किया गया है। पहले स्थान पाने वाले खिलाड़ी काे 10 हजार, दूसरे स्थान पाने वाले को सात हजार व तीसरे स्थान वाले को पांच हजार रुपये से पुरस्कृत किया जाएगा। खिलाड़ियों से पंजीकरण के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
