मोदीनगर :नगर की हरमुखपुरी कॉलोनी में बदमाश बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों के गहने और दस हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। घटना के समय परिवार शादी समारोह में शामिल होने मेरठ गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है मोदीनगर की हरमुखपुरी कालोनी की कांता देवी गृहणी हैं। उनका बेटा इन दिनों पत्नी व बच्चों के साथ बांदा में रहता हैं। इस बीच कांता अपने भतीजे के साथ घर में रहती हैं। कांता की रिश्तेदारी में शादी थी। जिसमें शामिल होने के लिए वे मंंगलवार दोपहर को मेरठ चली गई थी। घर के मुख्य गेट व अंदर सभी कमरों के ताले लगाए थे। देर रात करीब तीन बजे दो बदमाश आए और सरिये से ताला ताेड़कर घर में दाखिल हुए। इसके बाद कमरे का ताला ताेड़ा और सेफ में रखी करीब दस हजार की नकदी, सोने की चेन व अंगूठी चोरी कर ली। मंदिर के दानपात्र से भी रकम बदमाशों ने चोरी की। इसके बाद वे दूसरे कमरे में गए वहां भी सेफ को खंगाला। करीब आधे घंटे तक घर में रहे। इसके बाद सामान लेकर फरार हो गए। बुधवार जब आसपास के लोगों ने टूटा ताला देख अपने घर की सीसीटीवी फुटेज चेक की तो दो बदमाश रात में कांता के घर में जाते दिखे। उनकी सूचना पर पुलिस व कांता देवी घर पर पहुंची। देखा तो यहां सारा सामान फैला हुआ था। पुलिस ने मौके से जरूरी जानकारी जुटाई। फुटेज कब्जे में लेकर बदमाशों को ट्रेस करने में जुटी। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि बदमाशों की तलाश में पुलिस लगी है। जल्द गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
