मोदीनगर तिबड़ा रोड पर मकान के लाकर से चोरी हुए 70 तोला सोना व एक किलो चांदी के जेवर के मामले में पुलिस ने कामगारों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित का आरोप है कि घटना के समय कामगार ही घर पर थे। इस बीच वहां अन्य कोई व्यक्ति नहीं आया। शाम को जब परिवार लौटा तो लाकर का ताला टूटा हुआ था। उसमें से सामान गायब था। पुलिस ने रविवार को केस दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। तिबड़ा रोड के राम अग्रवाल व्यापारी हैं। उनके मुताबिक, उनके घर में इन दिनों कई निर्माण कार्य चल रहे हैं। ऐसे में पूरे दिन कामगार घर पर ही रहते हैं। उन्होंने घर में ही लकड़ी की सेफ के लाकर में अपने जेवर रखे हुए थे। जिनकी कीमत 50 लाख से अधिक है। 19 नवंबर को जब पीड़ित घर पहुंचे तो लाकर का ताला टूटा मिला। उसमें रखे जेवर गायब थे। उन्होंने परिवार के लोगों से पता किया। लेकिन किसी को भी जेवर के बारे में पता नहीं था। परेशान आकर पीड़ित ने थाने में शिकायत दी। पुलिस को सारी बात बताई। कामगारों पर ही चोरी का आरोप लगाया। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि संदिग्धता के आधार पर कामगारों को मुकदमे में नामजद किया गया है। उनसे पूछताछ की जाएगी। जल्द घटना का पर्दाफाश किया जाए। किसी के साथ गलत नहीं होने दिया जाएगा।